चोरों ने एनआईएच वैज्ञानिक के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर आदि चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी उस समय हुई जब एनआईएच वैज्ञानिक वापस लौटे। वह पिछले दस दिन से कश्मीर में अपनी ससुराल गए हुए थे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान रुड़की के वैज्ञानिक डा. फारूख आजम कोतवाली रुड़की क्षेत्र के सोलानी पूरम में किराए के मकान पर रहते हैं। उनकी पत्नी भी वैज्ञानिक है। वह पत्नी के साथ 27 अक्टूबर को अपनी ससुराल गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। रविवार सुबह वह वापस लौटे तो कमरे के बाहर लगा ताला टूटा हुआ था। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और 15 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
इसके अलावा उन्होंने विभिन्न देशों के 100-200 सिक्के एकत्रित किए हुए थे। चोर उन्हें भी अपने साथ ले गए। डा. फारूख आजम ने चोरी की जानकारी कोतवाली रुड़की पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल एवं एसएसआई अजय सिंह मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने पर सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वैज्ञानिक डा. फारुख ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है।
एसओजी को सौंपी जिम्मेदारी
एनआईएच वैज्ञानिक के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले की जांच पुलिस के साथ-साथ एसओजी भी करेगी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने एसओजी टीम की बैठक ली। साथ ही चोरी की जांच के लिए कुछ अहम बिंदु बताए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।