लक्सर-बालावाली मार्ग पर कार की टक्कर से एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लक्सर कोतवाली के रायसी चौकी क्षेत्र के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी मोहम्मद अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका भाई शाहनजर (41) विगत 20 फरवरी को शाम के समय रायसी से घर लौट रहा था। इस दौरान जब वह हबीबपुर कुड़ी गांव में सीमेंट स्टोर के सामने पहुंचा तभी लक्सर की ओर से आ रही स्विफ्ट कार के चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।
हादसे में शाहनजर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी कार चालक वहां से निकल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार के नंबर की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है।