लक्सर में ऊर्जा निगम के अधिकारियों द्वारा ग्राम प्रधान के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे का विरोध करते
- फोटो : ROORKEE
मुंडाखेड़ा कला गांव के ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव के खिलाफ दर्ज किए गए बिजली चोरी के मुकदमों से नाराज लक्सर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने ऊर्जा निगम के कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर दर्ज कराए गए मुकदमे को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर इसमें कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम प्रधान ऊर्जा निगम के परिसर में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
मुंडाखेड़ा कलां गांव के विपिन सैनी ने ऊर्जा निगम के पोर्टल पर गांव में बिजली चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद निगम के अधिकारियों ने लक्सर डिविजन के अधिकारियों को मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। स्थानीय टीम की छापेमारी की कार्रवाई के दौरान गांव में स्ट्रीट लाइटों को कटिया डालकर जोड़ना पाया गया था। इस मामले में एसडीओ अमीचंद ने ग्राम प्रधान मेघराज और पंचायत सचिव अनुज कुमार के खिलाफ लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी से नाराज बृहस्पतिवार को क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधानों ने ऊर्जा निगम के लक्सर डिविजन कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि उन्हें जब शासन की ओर से गांव में स्ट्रीट लाइटें लगाने का शासनादेश जारी हुआ था तब बिजली का कनेक्शन लेने के लिए भी कहा गया था। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों ने स्ट्रीट लाइट लगाने के बाद ऊर्जा निगम से कनेक्शन भी ले लिया गया था, लेकिन अब ऊर्जा निगम के अधिकारी यह कहकर कि स्ट्रीट लाइटों के लिए अलग से कनेक्शन लेना होगा ग्राम प्रधानों को परेशान कर रहे हैं। उनका कहना था कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों द्वारा इस बाबत ग्राम प्रधानों को कोई भी सूचना नहीं दी गई। उनका कहना था कि पंचायतों में प्रधानों द्वारा निजी तौर पर बिजली का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। गांव में जो स्ट्रीट लाइट जल रही है, वह सभी ग्रामीणों के लिए हैं। उन्होंने तत्काल दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लिए जाने की मांग की। एसडीओ अमीचंद ने ग्रामीणों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार, मोतीराम मोहम्मद, शादाब, सुशील कुमार, साधुराम वर्मा, मोतीराम प्रधान, कदम सिंह, मेघराज सिंह, सरदार मोहन सिंह, प्रदीप कुमार व पवन कुमार मौजूद रहे।