नगर निगम में टीका लगाती स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : ROORKEE
शहर में लगे 23 अलग-अलग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचकर 1230 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इस दौरान कुछ सेंटरों पर अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। वहीं दो से तीन मोबाइल वैन से टीम ने घर-घर जाकर लोगों को टीके लगाए। स्वास्थ्य विभाग जल्द से जल्द दूसरी डोज का लक्ष्य पूरा करने में लगा हुआ है।
रविवार को टीकाकरण के लिए 23 अलग-अलग जगह केंद्र बनाए गए थे। इसमें सिविल अस्पताल में सबसे ज्यादा 473 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। इसके अलावा पुरानी तहसील स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 14 में 90 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं बीएसएम इंटर कॉलेज, मूलराज इंटर कॉलेज, हेल्पिंग हैंड, गांधी महिला शिल्प विद्यालय और नगर निगम में टीकाकरण हुआ। यहां भी पहली डोज की अपेक्षा दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या ज्यादा थी। हालांकि वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार शहर में पहली डोज नहीं लगवाने वाले लोगों की संख्या दो या तीन प्रतिशत ही है। वहीं दूसरी डोज का समय बीत जाने के बाद भी टीका नहीं लगवाने वालों की संख्या करीब 28 हजार है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पहली डोज लगवा चुके लोगों को दूसरी डोज लगवाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके लिए हर घर दस्तक अभियान के तहत लोगों के घर जाकर उन्हें दूसरी डोज लगाई जा रही है। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की परियोजना प्रबंधक रंजना भटनागर ने बताया कि हर दिन करीब 20 से 25 सेंटर लगाए जा रहे हैं। इसके तहत हर दिन 900 से 1200 लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।