कोतवाली पुलिस ने 8.11 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव में घूमकर दाल बेचने के बहाने स्मैक का धंधा करता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
लक्सर कोतवाली पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार रात को लक्सर - रुड़की मार्ग पर कुंआखेड़ा के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनीस निवासी ग्राम लादपुर खुर्द बताया। बरामद स्मैक उसने गांव के ही एक व्यक्ति से खरीदने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह दाल के बहाने स्मैक बेचने का धंधा करता था। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।