रुड़की। डंढेरा स्थित डाक शाखा में हुए घोटाले को लेकर बृहस्पतिवार को महिलाओं ने मुख्य डाकघर में पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने रकम को वापस दिलाए जाने की मांग की है। डाक विभाग के अधिकारियों ने किसी तरह से मामले को शांत किया।
गौरतलब है कि पिछले माह डंढेरा स्थित शाखा डाकघर का पोस्टमास्टर बिना बताए गायब हो गया। उस पर लोगों के पैसे पासबुक में न चढ़ाने का आरोप है। इस बात को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। तब मामले की जांच के लिए डाक विभाग ने टीम गठित कर दी थी। सभी को निर्देश दिए गए थे कि वे उपभोक्ताओं की पासबुक को लेकर छानबीन शुरू कर दें। इस मामले में कई दिन तक हंगामा होता रहा। इसी बीच पुलिस की ओर से मुकदमा भी दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को ढंडेरा गांव की कुछ महिलाएं सिविल लाइंस स्थित मुख्य डाकघर शाखा में पहुंची और हंगामा कर दिया। पासबुक दिखाते हुए उन्होंने अपनी जमा रकम को वापस करने की मांग उठाई। यहां पर मौजूद सहायक पोस्टर मास्टर विनोद राठी ने किसी तरह से महिलाओं को शांत किया। साथ ही बताया कि मामले की जांच चल रही है। पासबुक में जो एंट्री है, उसकी पड़ताल की जाएगी। दोषी को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।