नगर निगम की ओर से बनाई जा रही सड़क के निर्माण अनियमितता का आरोप लगा है। आरोप है कि सड़क निर्माण से पहले तैयार किए जाने वाले कच्चे बेस में मानकों की अनदेखी की गई। कोरसेंट और मोटी बजरी से डामर बिछाने के बजाय रेत और बजरी की पतली परत बिछाकर उस पर सीसी सड़क बना दी गई। लोगों ने मानकों की अनदेखी के साथ ही पक्की सड़क की मोटाई में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। साथ ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त से शिकायत की। मौके पर पहुंचे जेई ने काम रुकवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जेई से रिपोर्ट मांगी गई है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में करीब 500 मीटर की सीसी सड़क के निर्माण के लिए पूर्व में टेंडर जारी किया गया था। सड़क के दोनों तरफ इंडस्ट्रीज हैं और भारी वाहन भी फैक्टरी में पहुंचते हैं। सड़क के निर्माण के लिए ठेकेदार ने अक्तूबर 2021 में भराव शुरू किया था। लंबे समय से काम अटका होने के कारण उद्यमियों को काफी परेशानी हो रही थी, लेकिन तीन-चार दिन पूर्व आननफानन काम शुरू किया गया और लगभग आधी सीसी सड़क बना दी गई। शुक्रवार को मानकों की अनदेखी के विरोध में लोगों ने हंगामा किया और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह से शिकायत की। शिकायती पत्र में मनोज सैनी, निशांत भारद्वाज, राकेश भारद्वाज, सुमति शर्मा व अंकित गुप्ता ने बताया है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही कहा है कि टेंडर में सड़क निर्माण के समय तीन कोट पास किए गए हैं।
जबकि, मौके पर एक ही कोट डाला गया है। नाली के प्रयोग में लाई जा रही ईंटें भी घटिया दर्जे की हैं। लोगों ने बताया कि ठेकेदार से भी मानकों के अनुसार निर्माण सामग्री मानकों के अनुरूप इस्तेमाल करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बाद भी आननफानन काम पूरा करने की कोशिश होती रही। लोगों ने यह भी बताया कि कुछ उद्यमियों ने फैक्टरियों के बाहर मजबूत सड़क निर्माण के लिए अपने पास से सीमेंट भी दिया। लोगों ने शिकायत नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला से भी की है। मौके पर पहुंचे जेई जगदीश प्यारेलाल ने काम रुकवा दिया है।
कई बार जेई से की गई शिकायत
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपे गए शिकायती पत्र में लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान सामग्री के इस्तेमाल में बरती जा रही अनियमितता को लेकर कई बार नगर निगम के जेई से फोन पर शिकायत की गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा।
गंदे नाले का मलबा डालकर किया भराव
लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण से पहले भराव का काम होना था। अक्तूबर 2021 में ठेकेदार ने पास में नाला सफाई के दौरान निकले गंदे मलबे को सड़क पर डलवा दिया और भराव शुरू कर दिया। इससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैलने लगी। तब भी निगम के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
लोगों की ओर से शिकायत मिली थी। तुरंत जेई को मौके पर भेजा गया। जेई से रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ हो सकेगा कि सड़क निर्माण की क्या स्थिति है। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-विजयनाथ शुक्ला, नगर आयुक्त