छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों की पहचान कपिल निवासी उल्हेड़ा गुरुकुल नारसन और नरेश निवासी गांव लक्सर के रूप में हुई है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा एक कॉलेज में पढ़ती है। 24 मई को वह कॉलेज गई थी। कॉलेज की छुट्टी होने के बाद वह देर शाम तक घर नहीं पहुंची थी। परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल की तो एक प्राइवेट डॉक्टर ने कॉल रिसीव की थी। साथ ही बताया था कि वह क्लीनिक के बाहर बदहवास हालत में पड़ी थी। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को छात्रा ने बताया था कि वह कॉलेज के बाहर ऑटो का इंतजार कर रही थी। इस बीच कार सवार दो युवक आए और अपहरण कर एक होटल में ले गए थे। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद क्लीनिक के बाहर कार से फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से कार सवारों की तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस को कार सवारों की पहचान हो गई। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों युवक डोसनी रेलवे फाटक के पास हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।