भगवानपुर थाने में पकड़े गए तेल चोरी के आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
इंडियन ऑयल कारपोरेशन की लाइन काटकर तेल चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर चोरी का तेल और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य शातिरों की तलाश की जा रही है।
लंढौरा स्थित इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) के सहायक प्रबंधक अभय सिंह चौहान ने तहरीर देकर बताया था कि ग्राम चुड़ियाला के जंगल से गुजर रही पाइप लाइन काटकर चोरों ने तेल चोरी किया है। वहीं 14 अक्तूबर को आईओसी के प्रबंधक नवनीत कुमार ने भी पुलिस को तहरीर देकर ग्राम सरठेड़ी के जंगल से पाइप लाइट काटकर तेल चोरी की शिकायत की थी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की तलाश की तो चोरों के बारे में तमाम जानकारी मिली। मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल दो लोग गांव फकरेड़ी जिला सहारनपुर के पास खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और भगवानपुर थाने ले आई। दोनों ने पूछताछ में अपना नाम व पता शुभम कुमार निवासी ग्राम फकरेड़ी जिला सहारनपुर और शहजाद निवासी ग्राम नन्हेड़ा जिला सहारनपुर बताया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 180 लीटर डीजल से भरा ड्रम, तेल मापक यंत्र, पाइप व अन्य सामान बरामद किया। दोनों ने बताया कि उनके गिरोह में संदीप कुमार व विनीत कुमार निवासी ग्राम छपरौली जिला मुजफ्फरनगर भी शामिल हैं। चारों ने मार्च और अप्रैल में ग्राम खड़ंजाकुतुबपुर व ग्राम भुरना, लक्सर और सहारनपुर के जंगल में भी पाइप लाइन काटकर तेल चोरी किया था। वहीं अक्तूबर में ग्राम सरठेड़ी व चुड़ियाला, भगवानपुर के जंगल से पाइप लाइन काटकर तेल चोरी किया था। दोनों ने बताया कि विनीत और संदीप तेल को टैंकर में भरकर भोपा व मुजफ्फरनगर आदि स्थानों पर पेट्रोल पंपों पर बेचते थे। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इनके साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में एसओ पीडी भट्ट, एसआई विपिन कुमार, एसआई कर्मवीर सिंह, सिपाही कुलवीर सिंह व नारायण आदि शामिल थे।