जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट रुड़की में जनपदस्तरीय अबेकस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से आए छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट गणनात्मक क्षमता, एकाग्रता और त्वरित उत्तर देने की दक्षता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उपरांत परीक्षकों की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्रदान किया गया। उन्हें राज्यस्तरीय अबेकस प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
प्रथम स्थान राजकीय प्राथमिक विद्यालय शहीदवाला ग्रंट के छात्र सावन ने प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान राजकीय प्राथमिक विद्यालय बादीवाला भगवानपुर के छात्र निकुंज ने हासिल किया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. ज्ञान प्रकाश सिल्सवाल की ओर से किया गया।
सह-समन्वयक सूर्य प्रकाश पैन्यूली एवं प्रबल सिंह पटवाल ने कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगी कार्मिकों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही चयनित विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।