महमूदपुर नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन से क्षेत्र के ग्रामीणों ने ज्वांइट मजिस्ट्रेट रुड़की को प्रार्थना पत्र देकर अवैध खनन पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पिरान कलियर के महमूदपुर निवासी जिल्लू नंबरदार ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को पत्र भेजकर बताया कि महमूदपुर नदी में दिन-रात अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। रात के समय डंपर लगाकर नदी से अवैध खनन किया जा रहा है। कई बार मना करने के बावजूद खनन माफिया बाज नहीं आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
खनन से नदी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा है और नदी का जलस्तर बढ़ने पर आसपास के गांवों में भारी नुकसान की आशंका बनी रहती है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने पत्र को संज्ञान में लेते हुए तहसीलदार और थाना प्रभारी को जांच कर कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।