लक्सर/सुल्तानपुर। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर संचालक सहित दो आरोपियों को नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दौड़बसी के एक मेडिकल स्टोर संचालक से प्रतिबंधित कैप्सूल लेकर आने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी टीम के साथ शनिवार देर शाम शिवगढ़ मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान मार्ग पर एक ट्यूबवैल के निकट दो संदिग्ध व्यक्ति थे। दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को देख छिपने का प्रयास किया। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने पर एक व्यक्ति से 88 और दूसरे व्यक्ति से 80 नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम समीर अली निवासी दौड़बसी नसीरपुर कलां थाना पथरी और आरिफ निवासी सुल्तानपुर बताया। स्वयं को मेडिकल स्टोर संचालक बताते हुए आरोपी ने बरामद कैप्सूल दौड़बसी निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक से खरीदने की बात कही। उन्हाेंने मेडिकल स्टोर संचालक का नाम भी पुलिस को बताया। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी समीर भी सुल्तानपुर में मेडिकल स्टोर चलाता है। पूछताछ के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।