दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को दी। घटना से दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, अमित (46) निवासी सुल्तानपुर माजरी, थाना बहादराबाद शनिवार को किसी काम से मंगलौर आया था। देर रात वह कस्बे के पास रजवाहे के पास हाईवे पार कर रहा था। इस बीच किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त होने पर सूचना परिजनों को दी। उधर, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव लिब्बरहेड़ी निवासी प्रवीण (26) शनिवार देर शाम बाइक से किसी काम से मंगलौर आए थे। यहां से वह वापस गांव जा रहे थे। जैसे ही वह बस स्टैंड के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले वाहनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।