सिविल लाइंस कोतवाली में पकड़े गए स्मैक के आरोपी ।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने स्मैक की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 27.48 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत सवा लाख रुपये से अधिक बताई जाती है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। साथ ही दोनों के संपर्क में रहने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है।
एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने जिले में मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। खासकर स्मैक की सप्लाई करने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा है। बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दो लोग गंगनहर पटरी पर सोलानी पार्क के पास खड़े हैं और स्मैक बेचने की फिराक में हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह और सोत बी पुलिस चौकी इंचार्ज अंकुर शर्मा तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को घेराबंदी कर धर दबोचा।
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 27.48 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल, नकदी और इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद हुई। पुलिस दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि स्मैक के साथ मोहम्मद मुख्तियार पुत्र मोहम्मद गफ्फार और शाहिद हसन पुत्र हनीफ निवासी मच्छी मोहल्ला को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 1.35 लाख रुपये की स्मैक बरामद हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बरेली से स्मैक लाकर शहर के हास्टल, कॉलेजों और पार्कों में बेचते थे। पुलिस टीम में सिपाही रामवीर, लईक अहमद, हासिम अब्बास और प्रदीप सैनी आदि शामिल रहे।