पुलिस ने डीजे की दुकान से सामान चोरी करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि चार आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई नकदी और सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
मंगलवार को कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने डीजे की दुकान से चोरी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र के कुन्हारी गांव निवासी जुल्फिकार की गांव में ही डीजे की दुकान से 15 दिसंबर की रात चोरों ने ताला तोड़कर लैपटॉप, पांच एंपलीफायर के अलावा काफी मात्रा में सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार रात पुलिस को सूूचना मिली थी कि चोरी के आरोपी रुड़की के नगला इमरती के पास फ्लाईओवर के नीचे कार लेकर खड़े हैं और वह सामान कहीं ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। इस पर सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस पर कार में बैठे चार लोग कूदकर फरार हो गए जबकि पुलिस ने कार के अंदर बैठे दो लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो दुकान से चोरी सामान बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को कार समेत कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ हल्डी निवासी शंकरपुरी, रुड़की और सोनू तेजियान निवासी सालापुर चौकी मकबरा देवबंद के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि चोरी में सावन निवासी शंकरपुरी रुड़की, आकाश उर्फ धड़कन, विशाल और गोविंद निवासी सलापुर देवबंद भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।