पिरान कलियर। इमलीखेड़ा भगवानपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाया जा रहा था कि युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि महिला हायर सेंटर में उपचाराधीन है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ब्रजपाल (28) पुत्र चंद्र स्वरूप निवासी अकबरपुर कालसो और ममता निवासी मानूबांस के साथ शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक से इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग से होते हुए बेड़पुर चौक की तरफ आ रहा था। जैसे ही वे स्वदेशी फैक्ट्री के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इस दौरान ब्रजपाल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी अजय शाह ने बताया कि युवक और महिला के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर आएगी तो केस दर्ज किया जाएगा।
------------
मृतक का बिसरा जांच को भेजा
पिरान कलियर। कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर नवादा निवासी 55 वर्षीय दयाराम का शव 16 जून को एक खेत में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। कलियर थाना प्रभारी जगमोहन रमोला ने बताया कि मृतक दयाराम की पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है।