रुड़की। भगवानपुर एवं बहादराबाद में करीब दस दिन से चल रहे चुनावी प्रचार के शोर पर शुक्रवार रोक लग जाएगी। शनिवार को प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर जाकर वोट मांग सकेंगे। रविवार को प्रत्याशियों की दस दिन की मेहनत मतपेटियों में मतदाता बंद कर देंगे।
दूसरे चरण के तहत 27 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए भगवानपुर-बहादाबार के ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम प्रधान और जिला पंचायत के सदस्यों को 17 दिसंबर को चुनाव चिन्ह मिल गए थे। इन प्रत्याशियों ने चुनावी निशान लेने के बाद माइकों, चुनावी सभाओं, रैलियों, चुनाव प्रचार के अन्य संसाधनों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने के लिए जोरों से प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया था। प्रत्याशियों के पास मतदाताओं पर अपना जादू चलाने के लिए अब केवल एक दिन शुक्रवार ही शेष रहेगा।
शुक्रवार शाम पांच बजे माइक चुप हो जाएंगे तो सभाएं थम जाएंगी। प्रत्याशी शुक्रवार के बाद वह भी केवल शनिवार को केवल पांच तक की संख्या में रहकर ग्रामीणों के घरों तक जाकर वोट मांग सकेंगे। इसके बाद चुनावी प्रचार की समयावधि समाप्त हो जाएगी। भगवानपुर चुनाव अधिकारी आरएस शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद चुनावी प्रचार करने वालों पर आचार संहिता के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।