डाक टिकट नहीं मिलने से परेशान लोगों को शुक्रवार को मामूली राहत मिल गई। लक्सर डाकघर में डाक टिकट मिलना शुरू हो गए। डाकघर में केवल एक रुपये कीमत वाले टिकट ही उपलब्ध हो सके।
गौरतलब है कि लक्सर डाकघर में डाक टिकट नहीं मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बृहस्पतिवार को डाकघर में 20, 5 और 1 रुपये कीमत वाले टिकट खरीदने पहुंचे लोगों को लौटना पड़ा था। वहीं, 5 रुपये कीमत वाले डाक टिकट पूरे रुड़की सर्किल में ही उपलब्ध नहीं हैं।
अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद शुक्रवार को लक्सर डाकघर में टिकट उपलब्ध हुए। हालांकि शुक्रवार को लोगों को केवल 1 रुपये कीमत वाले डाक टिकट ही मिल सके। स्थानीय निवासी संजय कुमार, राजेश, आरिफ, विजय ने बताया कि फिलहाल 1 रुपये वाले टिकट ही मिले हैं। फिलहाल इन्हीं का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधान डाकघर रुड़की के पोस्टमास्टर सतीश शर्मा ने बताया कि लक्सर डाकघर में डाक टिकट उपलब्ध कराए गए हैं।