पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। एक शातिर अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों से सात मोटर साइकिलें और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। फरार चल रहे आरोपी की तलाश की जा रही है।
सोमवार को एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने भगवानपुर थाने में बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र में कई दिनों से बाइक चोरी की घटनाएं हो रही थीं। अमन सिंह निवासी ग्राम सिमलाना, सहारनपुर की 12 मई, शिव कुमार निवासी ग्राम हकीमपुर की 14 मई को बाइक चोरी हुई थी। बाइक चोरी के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। रविवार रात प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ ग्राम चानचक तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच दो अलग-अलग बिना नंबर की बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया तो वह पीछे मुड़ने लगे। पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा कर तीनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने युवकों से बाइक के कागजात मांगे लेकिन वह नहीं दिखा पाए। एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में तीनों ने बाइक चोरी की होने की बात कही। आरोपियाें की पहचान दीपक निवासी ग्राम आभा, थाना गागहलेड़ी जिला सहारनपुर, आकाश व सूरज कुमार निवासी ग्राम भलस्वागाज, झबरेड़ा के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने दोनों बाइक रायपुर से चुराई थी। उन्होंने पांच बाइकें और एक स्कूटी भी चोरी की थी। पांचों बाइक उन्होंने ग्राम कुंजा बहादरपुर के पास एक खंडहर में खड़ी कर रखी है। पैसे कमाने के लालच में उन्होंने बाइक चोरी की थी। बाइक चोरी में उनका एक साथी ऋषभ निवासी ग्राम आभा, जिला सहारनपुर भी शामिल था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच बाइकें और एक स्कूटी और बरामद की। एसपी देहात ने बताया कि तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। चारों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम के लिए एसएसपी की ओर से पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस टीम में सीओ पंकज गैरोला, प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, एसआई प्रवीण बिष्ट, दीपक चौधरी, आशीष शर्मा, कर्मवीर सिंह, अंजना चौहान, सिपाही सुधीर चौधरी, लाल सिंह, बबलू खान, गुलबहार, दिनेश कुमार, हरदयाल, सचिन कुमार आदि शामिल थे।