गोली मारकर चौकीदार को घायल करने के मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार
बायोडीजल फैक्टरी में 9 जून को दिया था घटना को अंजाम, 10-10 हजार के इनामी थे बदमाश
बुग्गावाला। अमानतगढ़ स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्टरी में चौकीदार को गोली मारने के मामले में थाना बुग्गावाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों पर एसएसपी की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार नौ जून को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्टरी में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर चौकीदार को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद थाना बुग्गावाला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। लुकमान से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर बुग्गावाला पुलिस और सीआईयू टीम ने तकनीकी व मैनुअल सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की तलाश जारी रखी।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यूपी बॉर्डर के पास से संजय निवासी ओल्ड मिद्दा गढ़ी रोड, यमुनानगर (हरियाणा), जोगिंदर उर्फ जोगा निवासी न्यू गुलाबनगर बाईपास कैंप, यमुनानगर (हरियाणा) तथा नसीम निवासी बंदरजूड, थाना बुग्गावाला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने कई दिनों तक फैक्टरी की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार यह गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट व डकैती की कई घटनाओं में शामिल रहा है। जोगिंदर उर्फ जोगा के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास और विद्युत अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।