कोलकाता बंगा टाइगर्स का करेंगी प्रतिनिधित्व
पहली बार महिला प्रतियोगिता का हिस्सा बनी खिलाड़ी आरपीएल में दिखाएंगी दमखम
रुड़की। उत्तराखंड की उभरती हुई रग्बी खिलाड़ी महक चौहान ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। महक रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) सीजन-2 में महिला फ्रेंचाइजी टीम कोलकाता बंगा टाइगर्स की ओर से खेलेंगी। हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में आयोजित हो रही इस लीग में पहली बार महिला वर्ग को भी शामिल किया गया है जिससे महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है। हाल ही में आयोजित सीएएसए रग्बी 7 चैंपियनशिप में महक चौहान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब हासिल किया था। इसके अलावा वह लगातार भारतीय रग्बी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का भी हिस्सा रही हैं। महक के आरपीएल में चयन से उत्तराखंड रग्बी को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने महक को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष व कोच आयुष सैनी ने कहा कि उत्तराखंड की यह बेटी अब रग्बी प्रीमियर लीग के मंच पर भी अपना दमखम दिखाकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।