कस्बा निवासी दो युवक मुजफ्फरनगर में अपने दोस्त के घर खाना खा कर एक स्कूटर से दोस्त के साथ पुरकाजी लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर तीनों दोस्त स्कूटर खींचकर ले जाने लगे। रास्ते में इन्हें एक ओर साथी मिल गया। पुरकाजी बाईपास के पास एक कार ने तीन दोस्तों को अपनी चपेट में लिया। जिससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। बाल-बाल बचे चौथे साथी की सूचना पर रात को परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों युवकों के शव लेकर मंगलौर पहुंचे।
मोहल्ला पीरगढ़ी निवासी इरशाद उर्फ सोनू (19 वर्ष, पुत्र गुलजार), पठानपुरा निवासी फुरकान (22 वर्ष, पुत्र नूर मोहम्मद) पुरकाजी (उत्तर प्रदेश) स्थित एक शोरूम में फर्नीचर बनाने का काम करते थे। मंगलवार को दोनों मुजफ्फरनगर निवासी अपने दोस्त शाहनवाज के घर खाना खाने गए थे। रात करीब 10 बजे तीनों एक स्कूटर से मुजफ्फरनगर से पुरकाजी लौट रहे थे। रास्ते में स्कूटर का तेल खत्म हो गया। इसी दौरान रास्ते में इनका एक ओर साथी मिल गया। पास में कहीं पेट्रोल पंप नहीं होने पर चारों दोस्त स्कूटर खींचकर ले जाने लगे। पुरकाजी बाईपास स्थित दहीरपुर गांव (यूपी) के पास पीछे से आई एक कार ने तीन दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे तीनों की मौके पर मौत हो गई। जबकि चौथा साथी बाल-बाल बच गया। इससे मौके पर भीड़ जुट गई।
इसी बीच चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। चौथे साथी की सूचना पर तीनों युवकों के परिजन रात करीब 12 बजे घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया। इस पर पुलिस ने मंगलौर निवासी इरशाद और फुरकान के शव को परिजनों के हवाले कर दिया। जबकि तीसरे युवक के शव को मुजफ्फरनगर निवासी परिजन अपने साथ ले गए। बुधवार दोपहर मंगलौर में दोनों के शव दफना दिए गए। दो युवकों की असामयिक मौत से पीरगढ़ी और पठानपुरा मोहल्ले में मातम छाया हुआ है।