नगर का बिजलीघर बंद होने से करीब 50 हजार लोगों को सात घंटे बिजली कटौती झेलनी पड़ी। दैनिक कार्यों के प्रभावित होने से लोगों को पानी भी जरूरत के मुताबिक नहीं मिल पाया। तीन से चार घंटे बाद लोगों के घरों में रखे इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
ऊर्जा निगम की ओर से मंडल में बिजली के खंभे बदलने से लेकर अन्य सुधारात्मक कार्य हो रहे हैं। नगर से लेकर देहात के बिजलीघरों को करीब पांच से सात घंटे तक बंद किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर हाईटेंशन लाइन के फॉल्ट ने भी लोगों की परेशानियों को दोगुना कर दिया है। रविवार को सूचना के अनुसार सुबह 10 से शाम 5 बजे तक सोलानीपुरम बिजलीघर बंद रहा।
इस दौरान 33/11 केवी उपकेंद्र से जुड़े सोलानीपुरम, मीरा मार्केट, अरोड़ा कॉलोनी, खंजरपुर, सीबीआरआई, केवी स्कूल, हरिद्वार रोड, सिविल लाइंस, वर्क शॉप कॉलोनी, आदर्श नगर, जैन मंदिर, रुड़की टॉकिज, शराब गोदाम, प्रेम मंदिर रोड, भंगेडी, एसडीएम चौक, जलालपुर, टोडा अहतमाल आदि कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित रहे। एसई विवेक राजपूत का कहना है कि जर्जर हो चुके बिजली के खंभों को बदलने का कार्य किया गया। इस वजह से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए मंडल में सुधारात्मक कार्य हो रहे हैं।