रुड़की। प्रोफेसर के नाम पर महंगे गिफ्ट मंगाकर आईआईटी के शोधार्थी से हजारों की ठगी कर ली गई। छात्र को ठगी का पता चला तो उसने मामले की शिकायत साइबर सेल से की। साइबर सेल की ओर से शिकायत कोतवाली में की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेम डागर आईआईटी के गणित विभाग में शोधार्थी हैं। छह जून को उनके ई-मेल आईडी पर डिपार्टमेंट के एचओडी के नाम से एक ई-मेल आई। इसमें छात्र से कुछ गिफ्ट मांगे गए। एचओडी की ई-मेल आने पर छात्र ने एक ई-कॉमर्स कंपनी से करीब 15 हजार रुपये के गिफ्ट खरीदकर बताए गए पते पर भिजवा दिए। कुछ दिनों बाद एचओडी से मुलाकात हुई तो उन्होंने गिफ्ट मिलने के बारे में पूछा। इस पर एचओडी ने गिफ्ट के लिए कोई ई-मेल न करने की बात कही। एचओडी बात सुनकर प्रेम डागर के होश उड़ गए और उन्होंने ई-मेल दिखाई। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने ऑनलाइन साइबर सेल को शिकायत की। साइबर सेल की जांच में शिकायत सही पाई गई। इस पर साइबर सेल ने मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत सिविल लाइंस कोतवाली भेज दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।