जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रुड़की में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय बालिका पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालयी बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिए (हमारा प्रयास सजग, सशक्त, सफल बालिका) कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बृहस्पतिवार को डायट प्राचार्य नरेंद्र सिंह वालिया ने मां सरस्वती के सामने दीप जलाकर बालिका पंचायत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर की बालिकाओं ने विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपर जिला जज पौड़ी गढ़वाल शमशेर अली, नगर आयुक्त रुड़की नूपुर वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक हरिद्वार रीना राठौर, चिकित्सा अधिकारी राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बरहमपुर रुड़की डॉ. दिव्या सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पल्लवी कुकरेती शामिल रहे। मुख्य वक्ता एवं नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने विद्यालयों में समतामूलक शैक्षिक वातावरण का निर्माण एवं बालिकाओं में सशक्तीकरण विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को चुनाव की प्रक्रिया और जनप्रतिनिधि को चुनना क्यों जरूरी है, इस पर कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। वक्ताओं ने निरंतर प्रयास कर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवों को छात्र-छात्राओं के बीच साझा किया ताकि उन्हें भी इससे प्रेरणा मिल सके और वे लाभान्वित हो सके। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी विशिष्ट अतिथियों से प्रश्न पूछे। विशिष्ट अतिथियों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में समन्वयक एवं डायट प्रवक्ता जान आलम, कमलेश पंवार, डॉ. अंजू मलिक, वैष्णव कुमार, संदीप अरोड़ा, संदेश चौधरी, कविता, एके सिंह, देवयानी शर्मा, अंजू मलिक, सरस्वती पुंडीर, मुजीब अहमद, राजीव आर्य आदि मौजूद थे।