पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने एक युवक को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। परिजनों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद समेत 20 युवकों पर जानलेवा हमला, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
भगवानपुर क्षेत्र के गांव करौंदी निवासी महावीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा रोहित शनिवार को काम से रुड़की आया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश में कुछ युवकों ने उसे रुड़की में घेर लिया और उसे जबरन एक खाली जगह ले गए। आरोप है कि युवकों ने रोहित को पेड़ से रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। आसपास के लोगों को आता देख उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
किसी परिचित ने घटना की जानकारी उन्हें दी। वह मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से युवकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर दीपक निवासी प्रेमराजपुर, भगवानपुर, विक्की ठाकुर, एके सैनी उर्फ अंकुश सैनी, पीयूष, बालू, शालू, प्रशांत के अलावा 13 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही युवकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।