एसटीएफ ने अपहरण के मामले में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ युवक को अपने साथ देहरादून ले गई। मामले में रुड़की पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव सरकड़ी ताहरपुर निवासी प्रवीना ने 15 अगस्त 2021 को गांव के ही चार लोगों पर बेटे को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव निवासी अफजाल, वासिद, शाहिद और दानिश सैफी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया था।
चारों आरोपी फरार चल रहे थे। इस पर एसएसपी ने चारों पर 10-10 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी। करीब एक सप्ताह पहले पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। एक आरोपी दानिश फरार चल रहा था। पुलिस और दून एसटीएफ उसकी गहनता से तलाश कर रही थी। सोमवार को दून एसटीएफ ने रुड़की क्षेत्र से दानिश को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ दानिश को अपने साथ दून ले गई। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि दस हजार के इनामी दानिश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।