सालियर गांव की सड़क इन दिनों अवैध खनन से लदे भारी वाहनों की वजह से क्षतिग्रस्त हो रही है। गांव से गुजरने वाली इस सड़क से ग्रामीणों का आवागमन रहता है लेकिन अब यही सड़क उनकी जान के लिए खतरा बनती नजर आ रही है। भारी भरकम डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात छोटी सड़क से गुजर रहे हैं। इन वाहनों से लोगों और बच्चों के साथ हादसे होने की आशंका लगी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन में लगे वाहन क्षमता से कहीं अधिक खनिज भरकर चल रहे हैं। इन वाहनों के दौड़ने से धूल के गुबार से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हर दिन डर के साए में इस सड़क से गुजरने के लिए मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी कालूराम का कहना है कि कई बार वाहन चालकों की लापरवाही से दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं। रात के समय तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब बिना लाइट और बिना नंबर प्लेट के वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि बिना परमिशन के रात-दिन अवैध खनन किया जा रहा है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। न तो खनन पर रोक लगी है और न ही सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने मांग की कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और गांव की सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए।