लक्सर। मुंडाखेड़ा कलां गांव में वृद्ध महिला की मौत उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने ही की थी। वृद्धा युवक से उसके पिता के पास रखे अपने गहने और नकदी मांग रही थी। गहने और नकदी वापस न करने पड़ें, ऐसे में युवक ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया है।
मंगलवार को लक्सर कोतवाली में पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सैंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी वृद्धा कैलाशो देवी की 30 मई को पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया कि कैलाशो की कोई संतान नहीं थी। इसके चलते वह अपने मकान में अकेली रहती थी। महिला के खाने-पीने की व्यवस्था उसका पड़ोसी राजेंद्र रखता था, लेकिन राजेंद्र की भी पिछले महीने मौत हो गई थी। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि कैलाशो देवी ने अपने कुछ जेवर और पैसे राजेंद्र की मौत से पहले उसके पास सुरक्षित रख दिए थे। राजेंद्र की मौत हो जाने के बाद कैलाशो ने उनके बेटे राहुल से गहने और पैसे वापस मांगे। गहने वापस नहीं करने पड़ें, इसको लेकर राहुल ने वृद्धा की हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल जानता था कि कैलाशो के घर का गेट खराब है। ऐसे में वह 30 मई की रात को एक नुकीला पत्थर लेकर उसके घर में घुस गया और सो रही कैलाशो की हत्या कर दी। बताया कि आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद उसको कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल प्रदीप चौहान, एसएसआई मनोज सिरोला, दरोगा मनोज नौटियाल, यशवीर सिंह नेगी, अंकुर शर्मा, विनोद भट्ट, संजय रावत और पुलिसकर्मी मनोज मलिक, वीरेंद्र कुमार, विवेक गुसाईं, बलवीर एसओजी प्रभारी जहांगीर अली, अहसान अली महिपाल, कपिल, सुरेश रमोला, जाकिर हुसैन और नितिन कुमार आदि शामिल थे।