नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने वार्ड नंबर एक और सात में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही दुकानदारों और अन्य संबंधित लोगों को सार्वजनिक मार्गों एवं स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। अतिक्रमण के कारण आमजन और यातायात को होने वाली परेशानी को देखते हुए मार्गों को व्यवस्थित कराया गया। टीम ने नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई भी की।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त किया गया है। व्यापारियों और आमजन से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर या किसी अन्य तरीके से अतिक्रमण न करें।
अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक सुमित कुमार, मंसा नेगी समेत संबंधित कर्मचारी और चालान टीम के सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार शहर में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।