मंगलौर। लंढौरा में राहुल की हत्या उसके पिता अरुण ने ही गला दबाकर की थी। बेटे की नशे और चोरी की आदत से परेशान पिता की इस करतूत का पुलिस ने शुक्रवार को मंगलौर कोतवाली में खुलासा कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
लंढौरा निवासी राहुल का शव 25 जनवरी को जौरासी रोड पर बारात घर परिसर में मिला था। प्रथम दृष्टया हत्या कर शव फेंकने का मामला नजर आ रहा था। परिवारवालों ने पहले ससुरालियों पर शक जताया था। लेकिन परिजनों ने तहरीर तीन दिन बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। मंगलौर कोतवाली में एसएसआई नवीन सेमवाल ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि जांच के दौरान राहुल के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। इससे घर में रोजाना क्लेश होता था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि घर एवं अपनी मीट की दुकान से चोरी करने पर पिता ने कई बार राहुल की पिटाई भी की थी। एक बार पिता ने कुल्हाड़ी मारने का प्रयास भी किया था। सुराग हाथ लगने पर पुलिस ने पिता अरुण से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। 24 जनवरी की रात बारात घर परिसर में मफलर से राहुल का गला दबाकर हत्या की बात कुबूल कर ली है। खुलासे के दौरान लंढौरा चौकी प्रभारी मदनमोहन भट्ट, उपनिरीक्षक महेश लखेडा आदि मौजूद रहे।
पिछले साल हुई थी शादी
राहुल शादी से पहले नशे का आदी था। लेकिन परिवार को उम्मीद थी कि शादी के बाद राहुल सुधर जाएगा। इस पर उन्होंने पिछले वर्ष 22 फरवरी को राहुल की शादी करवा दी। लेकिन उसकी हरकतें सुधरने के बजाय और बिगड़ती चली गई। बताया गया कि शराब की लत पूरी करने के लिए उसने घर से जेवर तक बेच दिए थे।
खुलासा करने वाली पुलिस टीम
खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी उत्तम सिंह जिमिवाल, एस एस आई नवीन सेमवाल, एसआई मदन मोहन भट्ट, सुशील कुमार, परमिंदर सिंह, सतेंद्र भंडारी शामिल रहे। एसएसपी ने टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।