राजाजी पार्क से सटे बंजारेवाला गांव में मंगलवार देर रात खेतों की रखवाली करने गए एक ग्रामीण को हाथी ने मार डाला। दोपहर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो शव खेत में पड़ा मिला। मौके पर हाथी के उत्पात के निशान पाए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
बंजारेवाला निवासी जमील (45) पुत्र फूला मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। मंगलवार रात वह राजाजी पार्क से सटे एक ग्रामीण के खेत की रखवाली करने गया हुआ था। बताया जा रहा है इसी दौरान हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। दोपहर बाद किसी ग्रामीण ने जमील का शव खेत में पड़े होने की सूचना परिजनों को दी। उसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी बीच पुलिस भी पहुंच गई। पूछताछ और जांच पड़ताल में पता चला कि हाथी के हमले में जमील की जान गई है। इससे मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ भड़क गई। इन्होंने वन विभाग और राजाजी प्रशासन पर ग्रामीणों की सुरक्षा में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। साथ ही मुआवजे की मांग उठाई। शाम को पहुंची वन विभाग की टीम ने मृतक के परिजनों को मुआवजे का भरोसा दिलाया। उसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
पार्क की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार खतरनाक
करोड़ों रुपये की लागत से राजाजी पार्क की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया है, लेकिन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार खतरनाक साबित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है आए दिन जंगली जानवर खेतों और आबादी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बावजूद इसके वन विभाग के अधिकारियों की ओर से सुध नहीं ली जा रही है।