पीपली गांव के समीप एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते बाइकसवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी घायल हो गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस आरोपी चालक का पता लगाने में जुट गई है।
टांडा महतौली निवासी कंवरपाल सिंह (32) पुत्र रूहला बृहस्पतिवार को लक्सर में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को सुनने पहुंचा था। रैली समाप्त होने के बाद कंवरपाल अपनी ससुराल लक्सर गांव पहुंचा। देर शाम वह अपने साले अरूण को लेकर गांव टांडा महतौली के लिए निकल पड़ा। जैसे ही वह पीपली गांव के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते दोनों घायल हो गए, जबकि आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर फ रार हो गया। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस दोनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची।
जहां डाक्टरों ने कंवरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अरुण को भर्ती कर दिया। शुक्रवार सुबह टांडा महतौली गांव के करीब दो दर्जन लोग ग्राम प्रधान साधूराम के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। उन्होंने अज्ञात चालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस उपनिरीक्षक तस्लीम अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है।