रुड़की। लंढौरा के एक कालेज में बीपीएड की परीक्षा देने आया अल्मोड़ा निवासी छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। परिजनों ने मुताबिक उसने आखिरी बार रुड़की रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचकर घर फोन किया था। उसके बाद छात्र का कुछ पता नहीं चल पाया। बेटे को ढूंढने रुड़की पहुंचे परिजनों ने सिविल लाइंस कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
अल्मोड़ा के सरसौं गांव न्यू कालोनी निवासी कमलेश टम्टा 25 दिसंबर को लंढौरा के एक कालेज में बीपीएड की परीक्षा देने आया था। लेकिन कमलेश न कालेज पहुंचा और न घर वापस गया। मोबाइल पर संपर्क न होने से परिजन बेचैन हो गए। रविवार को कमलेश को ढूंढते ढूंढते परिजन रुड़की पहुंचे। उसके पिता हरीराय टम्टा ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कमलेश ने आखिर बार रुड़की पहुंचने पर फोन किया था। उसने बताया था कि वह बस से रुड़की रोडवेज बस अड्डे पर पहुंच गया है। मगर उसके बाद कमलेश से कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी गई है।