हरिद्वार जिले के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने राज्य योजना के तहत इन कार्यों के लिए टेंडर जारी किए हैं। चारों कार्यों पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्यों को छह माह में पूरा करना होगा।
लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी कार्यों के अनुसार निर्माण खंड रुड़की की ओर से जारी निविदा के अनुसार, बेलड़ी-सलहापुर में जीटी रोड से रविदास मंदिर होते हुए गांव तक आंतरिक सड़कों का सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स से पुनर्निर्माण किया जाएगा। वहीं, रामपुर और बेलड़ा गांवों में आंतरिक मार्गों का सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स और ईंट-खड़ंजे से निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा बहादराबाद क्षेत्र के बढ़़ेड़ी राजपूताना और शांतरशाह में सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क निर्माण किया जाएगा।
चौथे कार्य के तहत रतनपुर मुबारिक की चरखी से अस्पताल होते हुए प्राथमिक स्कूल वाले मार्ग, झमरान के मकान से होते हुए मुंतयाज के मकान की ओर व बढ़ेड़ी मेन रोडकी ओर सड़क निर्माण कराया जाएगा। टेंडर 21 नवंबर तक ऑनलाइन जमा होने के बाद शाम के समय खोले जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होंगे।