सहारनपुर निवासी लैब टेक्निशियन की हत्या अवैध संबंधों के कारण की गई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में सहारनपुर निवासी दंपति शामिल है। मृतक का शव बरामद नहीं हो पाया है। इसके लिए पुलिस गंगनहर खंगाल रही है।
सहारनपुर की कोतवाली कुतुुबशेर के रामगढ़ निवासी जगपाल पुत्र प्रताप की ऑल्टो कार शनिवार सुबह लावारिस हालात में गंगनहर के पुराने पुल पर खड़ी मिली थी। कार के भीतर खून फेला हुआ था। इसे देखकर पुलिस को लग गया था कि कोई अनहोनी हो गई है। कार के नंबर के आधार पर जांच पड़ताल की तो पुलिस लैब टेक्निशियन जगपाल के घर तक पहुंच गई। वहां जगपाल के भाई महिपाल ने भाई की हत्या की आशंका जताई। उसके बाद रामगढ़ थाना कुतुबशेर सहारनपुर निवासी मनोज, उसकी पत्नी पूनम, बेहडकी थाना झबरेड़ा निवासी मांगा उर्फ मोहित, दहियाकी निवासी भोला उर्फ राज पर हत्या का संदेह जताते हुए तहरीर दी। शनिवार देर शाम चारों को लेकर पुलिस मंगलौर कोतवाली लेकर पहुंची।
रविवार को एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने मंगलौर कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि जब आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि जगपाल के पूनम के साथ अवैध संबंध थे। यह बात कहते हु़ए मनोज, मांगा और भोला आक्रोशित हो गए। उन्होंने बताया कि इस पर ही उन्होंने जगपाल की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए पूनम के माध्यम से जगपाल को रुड़की बुलाया गया। वह अपनी कार से रुड़की पहुंचा। यहां उसकी शराब में नींद की गोलियां मिलाई गई। जब वह बेहोश हो गया तो पूनम का पति मनोज, मांगा और भोला भी मौके पर पहुंचे गए। यहां से जगपाल को उसकी कार से बिझौली लाया गया और मिलकर चाकू से उसका गला रेत दिया। उसके बाद वह गाड़ी से चार किलोमीटर दूर गंगनहर के पुराने पुल पर पहुंचे और शव निकालकर गंगनहर में फेंक दिया। कार को वहीं छोड़ दिया। इसके बाद वह चारों वापस सहारनपुर आ गए। हत्यारोपियों के पास से मृतक के तीन एटीएम, पैन कार्ड, जैकेट, पैन एवं हत्या में प्रयुक्त चाकू का हैंडिल बरामद किया गया है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गंगनहर में शव की तलाश की जा रही है।
आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम
सीओ परीक्षित कुमार, एसएचओ जवाहर लाल, सीआईयू प्रभारी रणवीर चौहान, भगवान मेहर, सुखपाल मान, सतेंद्र धामा, बाबू खां, अहसान अली, राजीव, संदीप, राकेश कैंतुरा, देवेश, प्रदीप, सुधीर, पाल सिंह, शेखर, रविंद्र, अशोक, महिपाल, जाकिर, सोहन मेहरा एवं नंद किशोर के नाम शामिल हैं।