रुड़की। ऊर्जा निगम में बिजली बिल जमा करने के लिए आनलाइन सुविधा है। इसके तहत आप घर बैठे बिजली का बिल जमा कर सकते हैं। इसके बावजूद जानकारी के अभाव में आए दिन ऊर्जा निगम कार्यालयों में बिल जमा करने के लिए लोगों की कतार लगी रहती है। निगम अधिकारियों के अनुसार शहरी विद्युत वितरण खंड में मात्र दस प्रतिशत लोग ही आनलाइन बिजली का बिल जमा करते हैं।
शहरी क्षेत्र में ही ऊर्जा निगम के 60 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। इनमें से अधिकांश अपना बिजली का बिल प्रतिमाह कार्यालयों में ही जमा कराते हैं। इसके लिए उन्हें घंटों कतार में भी खड़ा होना पड़ता है। यही नहीं कई बार ऊर्जा निगम के साफ्टवेयर में दिक्कत के कारण उन्हें बिना बिजली बिल जमा किए लौटना पड़ता है। ऊर्जा निगम के शहरी विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि प्रतिमाह ऊर्जा निगम को करीब 12 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, जिसमें से करीब 60 लाख रुपये आनलाइन जमा किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आनलाइन बिजली बिल जमा करने से न सिर्फ उपभोक्ताओं को सुविधा होगी, बल्कि निगम को भी सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को इसके लिए समय-समय पर जागरूक भी किया जाता है। इस संबंध में जल्द ही लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
ऐसे जमा करें आन लाइन बिल
ऊर्जा निगम की साइट यूपीसीएल डाट ओआरजी लागिन करने पर आपको आनलाइन बिजली बिल जमा करने का आप्शन मिल जाएगा। इसके लिए आपके पास क्रेडिट कार्ड होना आवश्यक है। आनलाइन न सिर्फ आप अपना बिजली बिल जमा कर सकते हैं, बल्कि बिल संबंधी डिटेल और अन्य जानकारी भी ले सकते हैं।