हरिद्वार के एक डिग्री कॉलेज में पढ़ाई कर रहे होमगार्ड के बेटे के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल तोड़ने के आरोपी छात्र को एएसपी ने शुक्रवार देर रात रोडवेज बस स्टैंड से पकड़ लिया। साथ ही उसका मोबाइल जब्त कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र में तैनात होमगार्ड विनय कुमार की ओर से तहरीर देकर बताया गया था कि 31 जनवरी को उनका बेटा हरिद्वार रोड स्थित लाइब्रेरी से पढ़कर लौट रहा था। तभी एक विवि के छात्र और उसके साथियों ने उसे रोककर मारपीट की। यही नहीं उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं, शुक्रवार की रात करीब एक बजे एएसपी कुश मिश्रा रोडवेज की तरफ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान उन्होंने शक होने पर आरोपी छात्र को पकड़ लिया। पूछताछ में छात्र ने मारपीट की बात मान ली। आरोपी छात्र का कहना था कि मोबाइल पर गलत मैसेज भेजने के चलते उसका विवाद हुआ था। एएसपी ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया और उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।