रुड़की स्थित एसडी डिग्री कालेज में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत छात्राओं द्वारा बनाई गई वॉल मैगज?
- फोटो : ROORKEE
एसएसडीपीसी कॉलेज में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने वॉल मैगजीन और पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारत के शहीद क्रांतिकारियों की प्रदर्शनी लगाई। साथ ही शिक्षिकाओं ने छात्राओं को इन क्रांतिकारियों द्वारा भारत और भारतवासियों के लिए दिए गए बलिदान की कहानियां भी सुनाई।
स्वतंत्रता आंदोलन के विविध आयाम को लेकर एसएसडीपीसी कॉलेज में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की शृंखला में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राजनीतिक विज्ञान विभाग की छात्राओं ने दिशा वॉल मैगजीन के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के विविध आयामों के अंतर्गत चित्रशाला आयोजित की। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने पीपीटी प्रेजेंटेशन दिया। इसमें मुख्य रूप से 1885 में कांग्रेस के गठन एवं उसके बाद की महत्वपूर्ण घटनाओं जैैसे स्वदेशी आंदोलन, जलियांवाला बाग कांड, ऊधम सिंह द्वारा जनरल डायर की हत्या जैसी घटनाओं के साथ ही दादा भाई नौरोजी, बदरुद्दीन तैयब, चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी और उनके नेतृत्व में चलाए गए आंदोलन पर भी प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख भूमिका निभाने वाली महिला क्रांतिकारी जैसे रानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, बेगम हजरत महल, कैप्टन लक्ष्मी सहगल, सरोजिनी नायडू, कस्तूरबा गांधी आदि के महान योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. कामना जैन ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम स्वयं में अनूठी पहल है। इसके माध्यम से वर्तमान युवा पीढ़ी परिचित हो रही है कि कितने बलिदानों के बाद यह आजादी मिली है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी छात्राओं को बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ. अलका आर्य, डॉ. किरण बाला, डॉ. सीमा रॉय, डॉ. अंजु वत्स और छात्राएं कुमारी वृंतिका, इस्मत, समरीन, फरहीन, ज्योतिका, रिया, कीर्ति, आरती, कुलसुम, मुस्कान, आरिफा ने प्रस्तुतियां दीं।