रुड़की। आईआईटी परिसर में गेट नंबर पांच के पास मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। इस बीच लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए वहां से दौड़ लगा दी। कुछ देर बाद हालत सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। सुरक्षा कर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक मधुमक्खियों के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। कुछ देर के लिए गेट नंबर पांच पर भी लोगों को परिसर के अंदर जाने से रोक दिया गया।शहर में काफी जगहों पर पुराने पेड़ों पर मधुमक्खियां ने छत्ते बना रखे हैं। जिन पर आए दिन मधुमक्खियां लोगों को घायल कर रही हैं। शुक्रवार सायं करीब 4:00 के आसपास भी आईआईटी के गेट नंबर पांच से थोड़ा आगे मधुमक्खियों ने राहगीरों पर हमला कर दिया। राहगीरों ने वहां से बमुश्किल जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी। इस बीच वहां भगदड़ के हालात हो गए।
लोगों ने इधर-उधर भाग कर किसी तरह जान बचाई। भगदड़ में एक व्यक्ति को वहां से गुजरते वक्त मधुमक्खियाें ने अपने हमले से गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों ने धुआं कर मधुमक्खियां को वहां से भगाने का प्रयास शुरू कर दिया। एक कूड़ेदान के पास भी आग लगाकर धुआं किया गया। इस बीच आईआईटी के सुरक्षाकर्मियों ने भी मधुमक्खियाें के हमले वाले रोड पर लोगों के आवागमन पर कुछ देर के लिए रोक लगा दी। करीब 10 से 15 मिनट मधुमक्खियाें के वहां से जाने के बाद लोगों को आईआईटी परिसर के अंदर आने-जाने दिया। कुछ देर बाद मधुमक्खियाें के जाने पर सभी ने राहत की सांस ली।