कलियर गंगनहर में नहाने गई मां को बचाने कोशिश में बेटा गंगनहर में डूबकर लापता हो गया।
जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले छत्तीसगढ़ से एक परिवार कलियर आया हुआ था। बृहस्पतिवार को परिवार के लोग गंगनहर के किनारे नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नजीबन खातून (55) का पैर फिसल गया और वह गंगनहर में गिर पड़ी। मां को डूबता देख बेटा मुर्शिद आलम (35) बिना देर किए पानी में कूद गया। वह भी गंगनहर में डूबने लगा।
शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने महिला को किसी तरह बाहर निकाल लिया लेकिन मुर्शिद आलम पानी के तेज बहाव में डूबकर लापता हो गया। घटना की जानकारी महिला के छोटे बेटे फरीद आलम ने पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है। कलियर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि गंगनहर में गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है।