नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित कैप्सूल संग पुलिस ने एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार रात को रायसी चौकी प्रभारी नीरज रावत कांस्टेबल अनिल वर्मा और महेंद्र सिंह के साथ गश्त पर थे। रायसी तिराहे के समीप उन्हें मुखबिर से एक व्यक्ति के प्रतिबंधित कैप्सूल लेकर आने की सूचना मिली। सूचना पर उन्होंने भगतनपुर मार्ग की ओर मौजूद एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने पर आरोपी से नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले 285 प्रतिबंधित कैप्सूल और 390 की नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रिजवान निवासी ग्राम नेहंदपुर सुठारी कोतवाली लक्सर बताया। बरामद कैप्सूल उसने बेचने के लिए मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लेकर आने की बात कही। पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।