- राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 14 में भोजन माता की परेशानी बढ़ी, बरसात में गीली लकड़ी से खाना पकाना हुआ मुश्किल
- गैस कनेक्शन नहीं मिला, लकड़ी के चूल्हे पर पक रहा बच्चों का मिड डे मील
राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 14 में अब तक नहीं पहुंची गैस सुविधा, धुएं के बीच भोजन तैयार करने को मजबूर भोजन माता
गैस की सुविधा नहीं होने से लकड़ी जलाने में हो रही परेशानी, शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल
रुड़की। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बावजूद राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 14 में अब तक गैस कनेक्शन नहीं हो सका है। इसके चलते भोजन माता को मजबूरी में लकड़ी के चूल्हे पर धुएं के बीच रोजाना बच्चों के लिए मिड डे मील तैयार करना पड़ रहा है। गैस कनेक्शन नहीं होने के कारण उन्हें खाना पकाने के साथ-साथ लकड़ी और अन्य ईंधन की व्यवस्था भी खुद करनी पड़ती है।
बरसात के दौरान गीली लकड़ी के कारण भोजन बनाने में उनकी परेशानी और बढ़ गई। लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाने के दौरान रसोई में धुआं भर जाता है, जिससे भोजन माता को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, चूल्हे के लिए लकड़ी जुटाने में अतिरिक्त समय और मेहनत भी लगती है।
स्कूल में बच्चों को मिड डे मील उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन गैस कनेक्शन के अभाव में भोजन माता अभी भी पारंपरिक लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। इससे उन्हें रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जिन स्कूलों में गैस कनेक्शन नहीं था, उनमें से अधिकतर के कनेक्शन हो गए है। शेष स्कूलों के कनेक्शन की प्रक्रिया अभी चल रही है। - आकांक्षा राठौर, खंड शिक्षा अधिकारी