- दो माह से वेतन लंबित होने से घर का खर्च चलाना मुश्किल, बच्चों की पढ़ाई और शादी समारोह के खर्च पर भी असर
- कर्मचारी संगठनों ने दी चेतावनी, व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संचालन ठप कर किया जाएगा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन
रुड़की। रोडवेज कर्मचारियों के सामने एक बार फिर वेतन जारी न किए जाने से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने बताया कि जुलाई का वेतन तो जारी किया जा चुका है लेकिन अगस्त और सितंबर का वेतन अब तक लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि कई महीनों से उन्हें नियमित रूप से एक माह का ही वेतन मिल रहा है जबकि दो माह का वेतन लगातार लंबित चल रहा है। इससे कर्मचारियों को परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, शादी समारोह और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलने से वह परेशान है। कर्मचारियों के अनुसार पूर्व में भी एक माह का वेतन जारी कर दो माह का वेतन लंबित कर दिया गया था। अब एक बार फिर उसी तरह की स्थिति पैदा हो गई है। रोडवेज के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर वेतन जारी करने की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। जरूरत पड़ने पर रोडवेज का संचालन पूर्व की तरह बंद कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी भी दी गई है।