साबिर पाक के 753वें सालाना उर्स में सोमवार को हजरत गौस पाक रहमतुल्लाह अलैहि की छोटी रोशनी मनाई जाएगी। इस रस्म में बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे। इसके लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। देश-विदेश से आने वाले जायरीनों की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र को पांच जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। करीब चार दर्जन पुलिस चौकियां बनाई की गई हैं। मेेले के दौरान डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, तैराकी दल, मोटर बोट सहित पीएसी भी तैनात रहेगी।
जायरीनों के लिए छोटी रोशनी की रस्म का खासा महत्व है। बताया जाता है कि हजरत गौस पाक का नाम अब्दुल कादिर जिलानी भी है। उनका जन्म ईराक के जिलान में हुआ था। तालीम हासिल करने के बाद वह जिलान चले गए और वहीं बड़े होकर बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया। हजरत साबिर पाक उनकी चौथी पीढ़ी से थे, जो उनके परपौत्र हैं। गौस पाक के 11 नाम होने के कारण इस्लामी कैलेंडर के अनुसार हर माह की 11 तारीख को उनकी 11वीं शरीफ मनाई जाती है। साबिर पाक के उर्स के मौके पर 11 रबीउल अव्वल सोमवार को गौस पाक रहमतुल्लाह अलैहि की छोटी रोशनी की रस्म अदा की जाएगी। इसमें सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी, शाह यावर एजाज साबरी सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद शिरकत करेंगे। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मेले में जायरीनों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। मेला क्षेत्र को पांच जोन और 18 सेक्टरों में बांटकर जोन का प्रभार निरीक्षकों और सेक्टरों का प्रभार उपनिरीक्षकों को सौंपा गया है।
स्पेशल टीम का किया गठन
साबिर पाक के सालाना उर्स में बच्चा चोरी होने या बिछुड़ने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन किया गया है। एसपी देहात ने बताया कि ऐसी घटनाओं के मद्देनजर स्पेशल टीम बनाई गई है, जो उर्स में घूम घूमकर काम करेगी। आपराधिक तत्वों पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी। अलग से खोया पाया केंद्र भी बनाया गया। एनाउंसमेंट के जरिये खोए बच्चों को परिजनों से मिलाया जाएगा।
जायरीनों से शालीनता से आएं पेश : एसपी देहात
रविवार को एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल और एएसडीम विजयनाथ शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों को शालीनता का पाठ पढ़ाया। चेतावनी दी कि अगर किसी ने कोई लापरवाही या जायरीनों से अभद्रता की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को कलियर हज हाउस में आयोजित बैठक में एएसडीएम ने कहा कि सभी विभागों के अफसर और कर्मचारी तालमेल से काम करें। एसपी देहात ने कहा कि जायरीनों के साथ किसी प्रकार की अभद्रता नहीं होनी चाहिए। उर्स के दौरान हर जायरीन और वाहनों पर नजर रखी जाए। जायरीनों के सामान चोरी न हों, इसे लेकर संदिग्धों पर पैनी नजर रखें। महिला जायरीनों के साथ छेड़खानी करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। इस मौके पर सीओ विवेक कुमार, मेला सीओ ओमप्रकाश भट्ट, प्रशिक्षु सीओ नताशा सिंह, मेलाधिकारी देवराज शर्मा, थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी, नायब तहसीदार सुरेश पाल सैनी, दरगाह प्रबंधक सफीक अहमद आदि मौजूद रहे।