करीब छह सशस्त्र बदमाशों ने बृहस्पतिवार देर रात एक मंदिर में घुसकर पुजारी से मारपीट की और कमरे में रखी अलमारी से 42 हजार रुपये तथा दीवार पर लगा एलसीडी टीवी लूटकर फरार हो गए। पुजारी ने पुलिस को तहरीर दी है।
लक्सर कोतवाली अंतर्गत महाराजपुर कला गांव के शिव मंदिर में यह घटना हुई। बृहस्पतिवार देर रात पांच-छह बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और पुजारी को घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने हथियारों के बल पर पुजारी को आतंकित कर मारपीट शुरू कर दी। आतंकित करने के बाद पुजारी से उसके कमरे में रखी अलमारी जबरन खुलवाई और करीब 42 हजार रुपये की नकदी एवं अन्य सामान लूट लिया। बदमाशों ने पुजारी के कमरे में लगा एलसीडी भी लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पुजारी ने ग्रामीणों को और पुलिस को घटना की जानकारी दी। रायसी चौकी प्रभारी संपूर्णानंद गैरोला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया हैर, लेकिन घटना लूटपाट की नहीं लग रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।