एक बहन ने भाइयों समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली गलौज व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी मोहल्ला निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसके पिता के नाम की संपत्ति में उसका हिस्सा है। उसके मायके वालों ने उसको हिस्सा नहीं दिया है। 9 अक्तूबर को उसने भाइयों से हिस्सा मांगा तो उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। वहीं वाद ग्रस्त संपत्ति को धोखाधड़ी कर उन्होंने अपने नाम करा लिया है।
मामले का मुकदमा दर्ज न होने पर पीड़िता ने न्यायालय में जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की गुहार लगाई थी। कोर्ट ने सुनवाई के बाद महिला की रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश झबरेड़ा पुलिस को दिए हैं। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर भाई सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना अध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि दो महिलाओं समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। संवाद