रुड़की। साहब! पेंशन की रकम नहीं देने पर बेटा आए दिन मारपीट करता है। इन्कार करने पर जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं नशे के लिए पैसे नहीं देने पर घर में रखे सामान को तोड़फोड़ करता है। एक बुजुर्ग महिला ने बेटे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। साथ ही बेटे की नशे की लत छुड़ाने की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव भंगेड़ी निवासी एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद उनके खाते में उनकी पेंशन की रकम आती है। बताया कि बेटा नशे का आदी है और रोजाना नशे की हालत में घर आता है। समझाने के बाद भी वह नशा छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। बताया कि अब बेटा नशा करने की हदें पार कर चुका है।
वह सुबह से लेकर देर रात तक दोस्तों के साथ नशा करता है। साथ ही नशे का शौक पूरा करने के लिए पेंशन की रकम मांगता है। इन्कार करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता है। पड़ोसी अगर उसे समझाने आते हैं तो उनके साथ भी अभद्रता करता है। बताया कि नशे के लिए पैसे नहीं देने पर घर के सामान को नुकसान पहुंचाता है। सोमवार रात भी उसने घर में रखा कुछ सामान तोड़ दिया है। बुजुर्ग महिला ने पुलिस से बेटे की नशे की लत छ़ड़ाने की मांग की है। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि महिला के बेटे को बुलाकर समझाया जाएगा। अगर इसके बाद भी वह नहीं माना तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।