कोतवाली क्षेत्र के नारसन कलां के पास पुरानी रंजिश के कारण चलती कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सोशल मीडिया पर लगातार जान से मारने की धमकियां देने के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी टोनू और उसके मेरठ निवासी भांजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिकौला कलां निवासी मोनू उर्फ अक्षय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12:23 बजे वह अपने साथी नीटू के साथ कार से गुरुकुल नारसन की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी कार नारसन कलां गांव के पास पहुंची सामने से बाइक पर सवार टोनू और उसका मेरठ निवासी भांजा आ गए।
आरोप है कि दोनों ने बाइक कार के सामने खड़ी कर रास्ता रोक लिया। तहरीर के अनुसार बाइक से उतरते ही टोनू ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। मोनू ने तत्काल कार आगे बढ़ा दी जिससे गोली कार के पिछले दरवाजे में जा लगी। इसके बाद दोनों किसी तरह मौके से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
मोनू का आरोप है कि टोनू पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया के माध्यम से उसे टिकौला कलां गांव में आकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। बृहस्पतिवार को उसने अपनी धमकियों को अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि मोनू उर्फ अक्षय की तहरीर के आधार पर टोनू और भांजे के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।