ज्यादा दाम पर शराब की बिक्री की शिकायत पर एसडीएम ने तीन दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान एसडीएम ने स्टॉक रजिस्टर समेत रेट लिस्ट की जांच की। एक दुकान पर मौजूद ग्राहकों ने ज्यादा दाम में शराब बिक्री की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने शराब की दुकान के मालिक को नोटिस देने की बात कही।
एसडीएम गोपाल राम बिनवाल को शिकायत मिली थी कि कस्बे की शराब की दुकानों पर ज्यादा दामों में शराब बेची जा रही है। विरोध करने पर ग्राहकों से अभद्रता की जाती है। इस पर एसडीएम ने शनिवार दोपहर तीन दुकानों पर छापा मारकर स्टॉक की जांच की। जांच में तीनों दुकानों पर स्टॉक और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मौके पर नहीं दिखाए गए। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और स्टॉक रजिस्टर व बिल बुक रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाजार स्थित शराब की दुकान पर कुछ ग्राहकों ने मौके पर ही शिकायत की। एसडीएम ने सेल्समैनों से जानकारी ली लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। एसडीएम ने बताया कि बाजार स्थित दुकान स्वामी को नोटिस दिया जाएगा। नोटिस का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ दस्तावेजों को जांच के लिए आबकारी विभाग को भेजा गया है।